पुणे: केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच के बीच मुख्य आरोपी सिया गोयल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सिया गोयल पुलिस की मौजूदगी में मीडिया कर्मियों की ओर मिडिल फिंगर दिखाती नजर आ रही हैं। इस घटना के बाद वीडियो चर्चा का विषय बन गया है।
सबूत जुटाने के लिए ले गई थी पुलिस
जानकारी के मुताबिक, पुणे ग्रामीण पुलिस जांच के सिलसिले में सिया गोयल को उनके घर और अन्य स्थानों पर लेकर गई थी। पुलिस वहां उन कपड़ों और अन्य सबूतों की तलाश कर रही थी, जिन्हें सिया ने कथित तौर पर घटना वाले दिन पहना था। इसी दौरान बड़ी संख्या में मीडिया कर्मी मौके पर मौजूद थे।
कैमरों के सामने की आपत्तिजनक हरकत
जैसे ही पुलिस सिया गोयल को लेकर बाहर निकली, उन्होंने मीडिया कैमरों की ओर देखते हुए कथित तौर पर मिडिल फिंगर दिखाई और आपत्तिजनक इशारे किए। यह पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
हत्या के मामले में चल रही है जांच
पुलिस के अनुसार, रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में सिया गोयल और उनके कथित प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया गया है। जांच एजेंसियों का आरोप है कि दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची थी। मामले में पुलिस डिजिटल और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है।
पुलिस जुटा रही है हर सबूत
जांच टीम लगातार घटनास्थल, आरोपियों के बयान, मोबाइल डेटा और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस ने मामले की कड़ियों को जोड़ने के लिए कई जगहों पर आरोपियों को ले जाकर घटनाक्रम को दोहराया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी



