मुंबई: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल मर्डर केस ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस मामले पर अब टीवी अभिनेत्री हिना खान ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि आज के समय में सच बोलना और सच स्वीकार करना इतना मुश्किल हो गया है कि लोग किसी की जान लेने तक को तैयार हो जाते हैं।
हिना खान ने क्या कहा?
हिना खान ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा कि आज के समय में सच सुनना और सच बोलना बेहद कठिन हो गया है। उन्होंने दुख जताते हुए कहा कि अगर समय रहते सच बोल दिया जाता, तो शायद एक मासूम की जान बच सकती थी।
उन्होंने आगे लिखा कि किसी की जान लेने से बेहतर था कि सच स्वीकार कर लिया जाता और हर कोई अपनी जिंदगी आगे बढ़ा लेता। उन्होंने इस घटना पर अफसोस भी जताया।
क्या है केतन अग्रवाल मर्डर केस?
पुलिस जांच के अनुसार, पुणे के रहने वाले कारोबारी केतन अग्रवाल की मौत पहले ट्रैकिंग के दौरान हादसा मानी गई थी। लेकिन जांच में सामने आया कि यह कथित तौर पर हत्या का मामला था। पुलिस का आरोप है कि केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर इस वारदात की साजिश रची। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और मामले की जांच जारी है।
सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा
केतन अग्रवाल की मौत के बाद सोशल मीडिया पर लगातार लोग न्याय की मांग कर रहे हैं। कई टीवी कलाकार और सोशल मीडिया यूजर्स इस घटना पर दुख और नाराजगी जाहिर कर चुके हैं। हिना खान की पोस्ट भी तेजी से वायरल हो रही है और लोग उनकी बात का समर्थन कर रहे हैं।



