मुंबई: जन सुराज पार्टी के संस्थापक और चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर (PK) ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के महाराष्ट्र नेतृत्व को लेकर अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने NCP की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनेत्रा पवार से साफ कहा है कि यदि उन्हें पार्टी के साथ चुनावी रणनीतिकार के रूप में काम करना है, तो महाराष्ट्र संगठन में जरूरी बदलाव करने होंगे। खास तौर पर उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।
मुंबई में 6 घंटे चली अहम बैठक
गुरुवार को मुंबई में प्रशांत किशोर, सुनेत्रा पवार, पार्थ पवार और जय पवार के बीच करीब छह घंटे तक बैठक हुई। बताया जा रहा है कि पार्थ पवार चार्टर्ड विमान से प्रशांत किशोर को मुंबई लेकर पहुंचे थे। बैठक में PK की टीम के दो सदस्य भी मौजूद रहे, जबकि जय पवार ऑनलाइन जुड़े।
यह बैठक ऐसे समय हुई है जब पार्टी के भीतर संगठनात्मक बदलाव और भविष्य की रणनीति को लेकर चर्चाएं तेज हैं।
सुनील तटकरे की कार्यशैली पर जताई नाराजगी
रिपोर्ट के अनुसार, बैठक के दौरान प्रशांत किशोर ने कहा कि महाराष्ट्र में प्रभावी ढंग से काम करने के लिए राज्य नेतृत्व का पूरा सहयोग जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि संगठन में जरूरी बदलाव नहीं किए गए, तो उनके लिए पार्टी के साथ आगे काम करना मुश्किल होगा।
सूत्रों के मुताबिक, प्रशांत किशोर ने यह भी नाराजगी जताई कि पिछली बैठकों में दिए गए सुझावों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पहले भी दे चुके हैं कई सुझाव
बताया जा रहा है कि सुनेत्रा पवार और पार्थ पवार इससे पहले भी तीन बार प्रशांत किशोर से मुलाकात कर चुके हैं। उन बैठकों में PK ने पार्टी संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति में बदलाव के कई सुझाव दिए थे। हालांकि, उनका मानना है कि इन सुझावों को अभी तक लागू नहीं किया गया।
स्थानीय निकाय चुनावों पर हुई चर्चा
बैठक में महाराष्ट्र के आगामी स्थानीय निकाय चुनाव, पार्टी की चुनावी रणनीति, राज्यव्यापी जनमत सर्वेक्षण और संगठन को मजबूत करने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। सूत्रों का यह भी दावा है कि NCP के हालिया स्थापना दिवस कार्यक्रम की रणनीति तैयार करने में भी प्रशांत किशोर की अहम भूमिका रही।
अब सुनेत्रा पवार के फैसले पर नजर
प्रशांत किशोर के इस रुख के बाद अब राजनीतिक हलकों की नजरें NCP अध्यक्ष सुनेत्रा पवार पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में महाराष्ट्र संगठन को लेकर कोई बड़ा फैसला लिया जा सकता है। हालांकि, पार्टी की ओर से इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
बिहार उपचुनाव के बाद बढ़ी PK की चर्चा
हाल ही में बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज की जीत के बाद प्रशांत किशोर की चुनावी रणनीति की काफी चर्चा हुई थी। इसके बाद उनकी मुंबई यात्रा और NCP नेतृत्व के साथ बैठक ने महाराष्ट्र की राजनीति में नई अटकलों को जन्म दे दिया है।



