नई दिल्ली: बांग्लादेश की चर्चित लेखिका तस्लीमा नसरीन द्वारा भारत में चल रहे CJP (Cockroach Janta Party) के छात्र आंदोलन की तुलना बांग्लादेश और नेपाल के युवा आंदोलनों से किए जाने के बाद नया विवाद खड़ा हो गया है। अब CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनके आंदोलन की तुलना किसी दूसरे देश के आंदोलन से नहीं की जा सकती।
क्या कहा था तस्लीमा नसरीन ने?
तस्लीमा नसरीन ने एक इंटरव्यू में कहा था कि भारत में चल रहा छात्र आंदोलन उन्हें बांग्लादेश के 2024 के छात्र आंदोलन की याद दिलाता है। उन्होंने दावा किया कि बांग्लादेश में शुरू हुआ छात्र आंदोलन बाद में कट्टरपंथी तत्वों के प्रभाव में चला गया, जिसके कारण वहां की स्थिति बिगड़ गई। इसी संदर्भ में उन्होंने नेपाल के हालिया युवा आंदोलनों का भी जिक्र किया था।
अभिजीत दिपके ने क्या दिया जवाब?
तस्लीमा नसरीन की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए अभिजीत दिपके ने कहा कि “हम अलग हैं।” उन्होंने कहा कि CJP का आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक है तथा इसकी तुलना बांग्लादेश या नेपाल के आंदोलनों से करना सही नहीं है।
डिपके ने आरोप लगाया कि इस तरह की तुलना उनके आंदोलन को बदनाम करने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि CJP का उद्देश्य केवल शिक्षा व्यवस्था में सुधार, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और छात्रों के अधिकारों की रक्षा करना है।
शांतिपूर्ण आंदोलन पर दिया जोर
अभिजीत दिपके ने कहा कि उनका संगठन शुरू से ही शांतिपूर्ण विरोध में विश्वास करता है। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान संविधान और कानून का सम्मान किया गया है और आगे भी सभी प्रदर्शन लोकतांत्रिक तरीके से ही किए जाएंगे।
CJP आंदोलन क्यों चर्चा में है?
CJP पिछले कई सप्ताह से देशभर में कथित परीक्षा अनियमितताओं और पेपर लीक के मुद्दे पर आंदोलन चला रहा है। संगठन ने केंद्र सरकार से शिक्षा व्यवस्था में सुधार, छात्रों के लिए जवाबदेही तय करने और अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन किए हैं। इस आंदोलन को सोशल मीडिया पर भी काफी समर्थन मिला है।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
तस्लीमा नसरीन और अभिजीत दिपके के बयानों के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है। एक पक्ष डिपके के आंदोलन को अलग और लोकतांत्रिक बता रहा है, जबकि दूसरे पक्ष ने तस्लीमा नसरीन की टिप्पणियों पर चर्चा शुरू कर दी है। फिलहाल यह बयान राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।



