जामनगर: देश में परीक्षा की पारदर्शिता को लेकर लगातार उठ रहे सवालों के बीच गुजरात की जामनगर स्थित गुजरात आयुर्वेद यूनिवर्सिटी भी विवादों में आ गई है। यूनिवर्सिटी की BAMS (बैचलर ऑफ आयुर्वेदिक मेडिसिन एंड सर्जरी) परीक्षा का पेपर लीक होने के आरोप लगे हैं। दावा किया जा रहा है कि परीक्षा से पहले व्हाट्सएप पर वायरल हुए अधिकांश सवाल परीक्षा में पूछे गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए यूनिवर्सिटी प्रशासन ने जांच के लिए विशेष समिति (स्पेशल कमेटी) का गठन किया है।
क्या है पूरा मामला?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 20 जुलाई को BAMS थर्ड प्रोफेशनल ईयर के MS (शल्य तंत्र-1) विषय की परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा के बाद कुछ छात्रों ने दावा किया कि परीक्षा शुरू होने से पहले ही व्हाट्सएप ग्रुप्स पर महत्वपूर्ण सवाल साझा किए गए थे। छात्रों का कहना है कि परीक्षा में पूछे गए 12 में से 11 सवाल वही थे, जो पहले से सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके थे। इसके बाद पेपर लीक की आशंका जताई जाने लगी।
यूनिवर्सिटी ने क्या कहा?
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए यूनिवर्सिटी के कार्यवाहक परीक्षा निदेशक डॉ. एच. पी. झाला ने कहा कि परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई थी। हालांकि बाद में उन्हें जानकारी मिली कि परीक्षा से पहले कुछ सवाल व्हाट्सएप पर साझा किए गए थे। इसके बाद कुलपति से चर्चा कर तुरंत एक विशेष जांच समिति बनाई गई। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।
दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
यूनिवर्सिटी प्रशासन का कहना है कि यदि जांच में कोई कर्मचारी, अधिकारी या बाहरी व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ विश्वविद्यालय के नियमों के तहत कड़ी अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जांच जारी है।
छात्रों में बढ़ी चिंता
इस मामले के सामने आने के बाद यूनिवर्सिटी से जुड़े करीब 20 से 25 कॉलेजों के हजारों छात्रों में चिंता का माहौल है। हालांकि यूनिवर्सिटी ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल अन्य विषयों की परीक्षाएं तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएंगी और उन्हें स्थगित नहीं किया गया है।



